Friday, May 8, 2009

हिंदी में छपेगी ‘टॉप गेयर’

भारत में टॉप गेयर, हैलो और ग्रेज़िया जैसी पत्रिकाएं हिंदी में भी पढ़ने को मिल सकती हैं। गार्डियन में छपी ख़बर के मुताबिक वर्ल्डवाइड मीडिया अब इन पत्रिकाओं के भारतीय संस्करण को हिंदी में छापने का मन बना रहा है। इस कंपनी में बीबीसी वर्ल्डवाइड और टाइम्स ऑफ इंडिया की हिस्सेदारी है।

लंदन में कंपनी के सीईओ तरुण राय ने कहा कि भारतीय मैगजीन इंडस्ट्री में विस्तार की काफी संभावना है। अभी तक गैर अंग्रेजी भाषाओं में छपने वाली पत्रिकाओं को कुल विज्ञापन का सिर्फ तीन फीसदी हिस्सा ही मिलता है। विज्ञापनों में गैरअंग्रेजी भाषाओं की हिस्सेदारी बढ़ाई जा सकती है, बशर्ते उस दिशा में काम किया जाए। टॉप गेयर ऑटो इंडस्ट्री पर अंग्रेजी भाषा की प्रतिष्ठित पत्रिका है। अपने टेलीविजन शो टॉप गेयर से प्रोत्साहित होकर बीबीसी ने ये पत्रिका 1993 में शुरू की थी। तब से ये पत्रिका हर महीने छपती है और भारत में इसका लाइसेंस टॉइम्स ऑफ इंडिया के पास है। हैलो लाइफ स्टाइल मैगजीन है, जिसमें सेलिब्रिटीज की जिंदगी से जुड़ी ख़बरें और गपशप पढ़ने को मिलती है। इसे भी 1993 में ही लॉन्च किया गया था। आज ये पत्रिका दुनिया के करीब 10 देशों में छापी जाती है। ग्रेजिया भी फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी चर्चित पत्रिका है। 1938 में इटली में इस पत्रिका का जन्म हुआ। धीऱे-धीरे ग्रेजिया फैशन को लेकर जागरूक रहने वाली महिलाओं में काफी लोकप्रिय हो गई। कुछ समय पहले वर्ल्ड वाइड मीडिया ने इसका भारतीय संस्करण शुरू किया।

((यहां भी जाएं))